रानीपुर पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, 7 भैंसा बुग्गियां जब्त

 

 

 

हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर नदी से अवैध रूप से रेत और बजरी निकाल रहे सात भैंसा बुग्गियों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में जिले भर में अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस टीम ने टिहरी विस्थापित क्षेत्र स्थित नदी रपटे पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर अवैध खनन करते हुए कुल 7 भैंसा बुग्गियों को पकड़ लिया। ये बुग्गियां नदी से रेत और बजरी निकालकर अवैध रूप से परिवहन कर रही थीं। पुलिस टीम को देखते ही खनन में लिप्त लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन उनके वाहन मौके पर ही जब्त कर लिए गए।

पुलिस द्वारा जब्त की गई सभी भैंसा बुग्गियों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी को भेजी जा रही है, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ स्पष्ट संदेश गया है कि किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नदी क्षेत्रों में अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस अभियान में पुलिस टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल जगदेव सिंह, कांस्टेबल बीरेन्द्र, कांस्टेबल विजयपाल और कांस्टेबल गिरेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से नदी क्षेत्रों में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान हो रहा था। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अब ऐसे कार्यों पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से यह स्पष्ट है। कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed