रितिक अग्रवाल की रिपोर्ट 

डोईवाला, 11 अप्रैल: जिला खान अधिकारी के निर्देश पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग देहरादून ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग को विभिन्न माध्यमों से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डोईवाला में तैनात सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।

पहली कार्रवाई थानों क्षेत्र में की गई, जहां अवैध समतलीकरण का कार्य चल रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध समतलीकरण को रुकवाया और नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की। दूसरी कार्रवाई झबरावाला क्षेत्र में की गई, जहां अवैध रूप से उपखनिज का भरान किया जा रहा था। यहां भी टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध गतिविधि को बंद कराया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 9.5 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने बताया कि जिला खान अधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभाग को लगातार सूचनाएं मिल रही हैं कि कुछ लोग रात के समय या छुट्टी के दिनों में अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी सभी शिकायतों पर विभाग की नजर है और आगे भी इसी तरह त्वरित और नीति सम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या अवैध उपखनिज भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। विभाग का कहना है कि अवैध खनन से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन की शिकायतें बढ़ी थीं। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *