हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के आयोजन से पूर्व नगर निगम प्रशासन ने रेहड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों को व्यवस्थित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ललतारौ पुल से चंडी चौराहा मार्ग स्थित प्रथम वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को निर्धारित सीमा के भीतर रहकर कारोबार करने तथा नगर निगम की ओर से तय नियमों और शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन में अनावश्यक अतिक्रमण और निर्धारित सीमा से बाहर कारोबार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को नगर निगम के साथ किए गए अनुबंध की शर्तों का पालन करने और तंबाकू, गुटखा सहित प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री नहीं करने की चेतावनी भी दी। वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग निरीक्षण के दौरान लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम द्वारा विकसित किए गए तीन वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और कुंभ मेला 2027 के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों में इन वेंडिंग जोन को भी शामिल किया जाए। उन्होंने वेंडिंग जोन के प्रांगण के फर्श का पुनर्निर्माण कराने तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी दोहराई ताकि लघु व्यापारियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने का अवसर मिल सके। साफ सफाई और डेंगू की रोकथाम पर जोर

 

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडिंग जोन की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बढ़ते डेंगू के प्रकोप की रोकथाम के मद्देनजर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को वेंडिंग जोन में कीटनाशक रसायनों का छिड़काव तत्काल कराने के आदेश दिए। इसके साथ ही निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को वेंडिंग जोन की सीमा निर्धारित करने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने सभी लाभार्थियों से स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित स्थान पर ही कारोबार करने की अपील की। पांचवें और छठे वेंडिंग जोन को लेकर भी उठी मांग इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के निकट नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे पांचवें वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को सूचीबद्ध कर कारोबार की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने पंतदीप पार्किंग विष्णु घाट और ललतारौ घाट क्षेत्र में नगर निगम में पूर्व से पंजीकृत रेहड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स को छठे वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित और स्थापित करने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग भी रखी। संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ मेला 2027 से पहले स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान मूलभूत सुविधाएं और कारोबार के लिए उचित व्यवस्था उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे एक ओर शहर में अतिक्रमण की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी वहीं दूसरी ओर लघु व्यापारियों को भी सम्मानजनक तरीके से आजीविका चलाने का अवसर मिलेगा। ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद नगर आयुक्त नंदन कुमार द्वारा प्रथम वेंडिंग जोन एवं मां गंगा के घाटों के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ लिपिक एवं समिति प्रभारी शिव सिंह चौहान, मोहनलाल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सोनू कुमार, कमल सिंह, उज्ज्वल सिरोही, श्याम कुमार, गजेंद्र सिंह, सुनील कुकरेती, फूल सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed