कांवड़ खत्म अब सफाई की बारी ग्राम प्रधान मनीष कुमार और पंचायत की पूरी टीम

 

हरिद्वार/ज्वालापुर। कांवड़ मेला खत्म होते ही ग्राम पंचायत सराय ने स्वच्छता को लेकर मोर्चा संभाल लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बाद गांव की गलियों मुख्य रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े-कचरे को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया। ग्राम प्रधान मनीष कुमार की पहल पर सफाई कर्मचारियों की टीम को अलग अलग स्थानों पर लगाया गया कर्मचारियों ने सड़कों और गलियों में फैली प्लास्टिक कूड़ा कचरा और अन्य गंदगी को एकत्र कर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहा। मेला समाप्त होते ही पंचायत ने बिना देरी किए सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया। इस दौरान नालियों और जल निकासी वाले स्थानों की भी सफाई कराई गई ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न बने। पंचायत की टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

ग्राम प्रधान मनीष कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिम्मेदारी है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गांव में कहीं भी कूड़ा जमा न होने दिया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान का इस्तेमाल करें और पंचायत के सफाई अभियान में सहयोग दें। ग्रामीणों ने कांवड़ मेले के तुरंत बाद चलाए गए विशेष अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के बाद सफाई व्यवस्था पर इसी तरह तेजी से ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रधान ने कहा कि पंचायत का लक्ष्य सराय को साफ सुथरा और बेहतर गांव बनाना है। अभियान के बाद गांव की गलियों और मुख्य रास्तों की तस्वीर बदली नजर आई। पंचायत ने साफ संकेत दिया कि कांवड़ खत्म हुई है। लेकिन स्वच्छता अभियान नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *