फर्जी मुख्तारनामा का इस्तेमाल कर कऱोडों की जमीन बेचने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज, एक महिला समेत 08 नामजद हरिद्वार, 13 जून। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक मृत व्यक्ति के नाम पर बने अवैध मुख्तारनामे का दुरुपयोग कर उनकी पैतृक भूमि को खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगा है। पीड़ित जेनुल आबेदीन ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित जेनुल आबेदीन ने बताया कि उनके पिता, स्वर्गीय नजीर अहमद, ग्राम अहमदपुर कड़छ (ज्वालापुर) स्थित खसरा नंबर 1095 (क्षेत्रफल 24,000 वर्गफुट) के सहखातेदार थे। आरोप है कि तनवीर अहमद पुत्र हाजी मोहम्मद अमीन अंसारी ने 06 दिसंबर 2004 को धोखे से नजीर अहमद से एक मुख्तारनामा आम तैयार करवा लिया था। पीड़ित का कहना है कि उनके पिता की मृत्यु 18 नवंबर 2008 को हो गई थी, जिसके बाद कानूनन वह मुख्तारनामा स्वतः ही निरस्त हो गया था। इसके बावजूद, आरोपी तनवीर अहमद ने मिलीभगत कर 2009 से 2012 के बीच उक्त संपत्ति को कई लोगों मुस्तकीम पुत्र बशीर अहमद, निवासी मौहल्ला कैतवाडा, ज्वालापुर, गुलफाम अहमद व मुस्तकीम अहमद पुत्रगण श्री बून्दू निवासी मौहल्ला अहबाबनगर, ज्वालापुर, मतलूब अहमद पुत्र मकबूल अहमद, निवासी मौहल्ला अहबाब नगर, ज्वालापुर, श्रीमती कमर जहां पत्नी मौहम्मद इरफान, निवासी मौहल्ला कैतवाडा ज्वालापुर, हरिद्वार, इम्तियाज अहमद व समीर अहमद पुत्रगण जाहिद हुसैन निवासी क्वार्टर नं 79, टाईप-3, सेक्टर-2, बी.एच.ई.एल रानीपुर हरिद्वार के नाम अलग-अलग बैनामों के जरिए बेच दिया। पीड़ित का आरोप है कि क्रेता और विक्रेता सभी जानते थे कि मुख्तारनामा पहले ही निरस्त हो चुका है और नजीर अहमद की मृत्यु हो चुकी है, फिर भी उन्होंने षड्यंत्र रचकर मृतक के वारिसों (पीड़ित) के हिस्से की भूमि को हड़प लिया। पीड़ित जेनुल आबेदीन ने इस संबंध में 10 अप्रैल 2026 को थाना ज्वालापुर और 16 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़ित का आरोप है कि साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि यह मामला एक गंभीर संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है, इसमें तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी पैतृक भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। Post navigation हरिद्वार में गूंजा हिंदू चेतना का बिगुल, डॉ. प्रवीण तोगड़िया का भव्य स्वागत IIT रुड़की में मनी सरदार पटेल की 150वीं जयंती, “एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम आयोजित*