रितिक अग्रवाल की रिपोर्ट डोईवाला- डोईवाला विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारी तेज कर दी है। परवादून जिला अध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने आपके घर आपके द्वार घर-घर जोड़ो अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का मुख्य नारा है – समस्या नहीं समाधान चाहिए, नेता नहीं बेटा चुनो और JOIN AAP BE THE CHANGE. गणेश कुड़ियाल इन दिनों डोईवाला विधानसभा के गांव-गांव, गली-गली जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं, और डोईवाला की जमीनी हकीकत को पम्पलेट के जरिए लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 25 सालों से डोईवाला की जनता ने भाजपा कांग्रेस दोनों को देखा है, लेकिन आज भी डोईवाला की मूलभूत समस्याएं जस की तस हैं। गणेश कुड़ियाल ने क्षेत्र की बड़ी समस्याओं को पंपलेट के जरिये लोगों के सामने रखा। ओर बताया कि डोईवाला आज भी पेयजल और सिंचाई संकट से जूझ रहा है। कई गांवों में पानी की भारी किल्लत है, हैंडपंप सूखे पड़े हैं, और नहरों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। दूसरा बड़ा मुद्दा सड़कों का है। ग्रामीण संपर्क मार्गों के साथ-साथ डोईवाला, भानियावाला, रानीपोखरी, बालावाला, नकरौंदा, हर्रावाला, बुल्लावाला में सड़कों की हालत खस्ता है, जगह-जगह गड्ढे और थोड़ी सी बारिश में जलभराव की समस्या आम हो गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज तक विशेषज्ञ डॉक्टर और अल्ट्रासाउंड जैसी बुनियादी सुविधा तक नहीं है, जिससे मरीजों को देहरादून भागना पड़ता है। युवाओं के लिए नशा और बेरोजगारी सबसे बड़ा अभिशाप बन गया है। युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है और स्थानीय स्तर पर रोजगार का कोई साधन नहीं है। लालतप्पड़ फैक्ट्रीयों में 70 प्रतिशत उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। वन्य जीवों के आतंक पर उन्होंने कहा कि रानीपोखरी, थानों, दूधली, बुल्लावाला, मिस्सरवाला क्षेत्र में हाथी और गुलदार का खतरा लगातार बना रहता है, हाथी आबादी में घुस रहे हैं लेकिन सरकार के पास कोई ठोस समाधान नहीं है। इसके अलावा जमीनों पर अतिक्रमण और भू माफियाओं द्वारा सरकारी और वन भूमि पर अवैध प्लाटिंग, नदियों किनारे टूटे पड़े तटबंधों की आज तक मरम्मत न होना, डोईवाला के प्रमुख भानियावाला रेलवे फाटक पर बार-बार जाम लगना और ओवर ब्रिज की मांग का पूरा न होना, और हजारों परिवारों को आज भी उनकी भूमि का मालिकाना हक न मिलना जैसे मुख्य मुद्दे शामिल हैं। इस दौरान आप जिला अध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने कहा कि डोईवाला की जनता अब बदलाव चाहती है। लोग थक चुके हैं झूठे वादों से। हम समस्या गिनाने नहीं समाधान देने आए हैं। मेरा मकसद विधायक बनना नहीं, डोईवाला के हर परिवार का बेटा बनकर उनकी लड़ाई लड़ना है। अगर जनता ने मौका दिया तो दिल्ली और पंजाब की तरह उत्तराखंड में भी ईमानदार राजनीति की शुरुआत डोईवाला से होगी। उन्होंने कहा कि यह पम्पलेट नहीं, डोईवाला का दर्द है जिसे लेकर हम हर घर तक जाएंगे, ओर भारी संख्या में लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। इस अभियान में आप प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र कौटिल्य, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सेमवाल, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा मंजु राणा शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्याम बाबू पाण्डेय, डोईवाला विधानसभा से दावेदार व जिला अध्यक्ष गणेश कुड़ियाल, महेश कुमार, बृजेश, हकीमुद्दीन, कमल राणा, शैलेश तिवारी, यामनी आले, राजेश कुमार, शमशाद अली, तालिब आदि आप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। Post navigation संस्कृत सप्ताह महोत्सव में प्रो रमाकांत पांडे ने कह। विरोध का अधिकार सबको है। लेकिन भाषा और व्यवहार में भारतीय मर्यादा जरूरी। पूर्व सैनिकों से मिले राज्य मंत्री धीरेन्द्र पंवार, बोले- सैनिकों का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता