हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है।

 

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां 15 वर्षीय किशोर का शव पथरी पावर हाउस के पास नहर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटरवान निवासी 15 वर्षीय फराज पुत्र फरमान बीते 27 अप्रैल की रात घर से अचानक लापता हो गया था। बताया जा रहा है कि किशोर की अपने परिजनों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर किशोर की काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब फराज का पता नहीं चला तो परिजनों ने मामले की सूचना ज्वालापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और किशोर की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस जांच के दौरान फराज आखिरी बार बाल्मीकि बस्ती की ओर जाता हुआ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी। शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने पथरी पावर हाउस के पास नहर में एक शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान लापता किशोर फराज के रूप में हुई जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या या हादसे से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। वहीं ज्वालापुर पुलिस का कहना है। कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। कि किशोर नहर तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। और वे अपने लाडले को याद कर बेसुध हो रहे हैं। मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। और हर किसी की आंखें नम हैं। इस घटना ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवादों के चलते बच्चे किस हद तक मानसिक दबाव में आ जाते हैं। जिससे ऐसे दुखद कदम सामने आते हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।और सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। जिससे इस पूरे मामले का सच सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed