*पीएम आवास की राह देखते थक गए पिरान कलियर के पात्र, सालों से भटक रहे लाभार्थी*

 

*कर्ज लेकर तोड़ दिए कच्चे मकान, भुगतान न मिलने से अधूरे पड़े निर्माण, बरसात में खुले आसमान तले रहने को मजबूर*

 

*पिरान कलियर।*

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की आस में नगर पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों पात्र परिवार सालों से भटक रहे हैं। बोर्ड गठन हुए 1.5 साल से ज्यादा हो गए, लेकिन कई लाभार्थियों को अब तक योजना की किस्त जारी नहीं हो सकी है।

 

नगर पंचायत की गुरुवार की बोर्ड बैठक में वार्ड 03 के सभासद *नाज़िम त्यागी* ने यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही और तकनीकी खामियों के कारण गरीबों का हक अटका हुआ है।

 

सभासद ने बताया कि कई पात्र लाभार्थियों ने सरकारी सर्वे में नाम आने के बाद उम्मीद में पुराने कच्चे मकान तोड़कर नए मकान का निर्माण शुरू कर दिया। कर्ज लेकर दीवारें खड़ी भी कर दीं, लेकिन किस्त न आने से काम बीच में ही रुक गया।

 

*”अब हालात ये हैं कि कई परिवार तिरपाल और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। बरसात का मौसम सिर पर है। अगर जल्द पैसा नहीं आया तो ये लोग कहां जाएंगे”* – नाज़िम त्यागी

 

सभासद ने आरोप लगाया कि फरवरी 2025 में बोर्ड बनने के बावजूद फाइलें विभाग में धूल फांक रही हैं।

 

बैठक में मौजूद *विधायक हाजी फुरकान अहमद* ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी लंबित लाभार्थियों की किस्त जल्द से जल्द जारी की जाए, ताकि किसी गरीब का घर अधूरा न रहे।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष *शमीना* ने भी आश्वासन दिया कि इस मामले को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा।

 

*क्या है योजना*

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र शहरी गरीबों को पक्का मकान बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता दी जाती है। लेकिन पिरान कलियर में प्रक्रिया की सुस्ती से जरूरतमंद दर-दर भटक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *