(नसीमअंसारी) 

 

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटारपुर में जंगली हाथियों का आतंक लगातार किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। गंगा नदी से निकलकर जंगली हाथियों के झुंड खेतों में पहुंच रहे हैं। हालात ऐसे हैं। कि किसान अपनी सालभर की मेहनत और फसल को बचाने के लिए रात रातभर खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। लेकिन सवाल यह है। कि आखिर किसानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कब अपनी नींद से जागेंगे? पूर्व प्रधान नूतन कुमार ने बताया कि हाल ही में गंगा नदी से निकलकर जंगली हाथियों का झुंड कटारपुर के खेतों में घुस आया। इस दौरान खेतों में कुछ किसान भी पहरा दे रहे थे। हाथियों के खेतों में पहुंचने से वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी किसान या राहगीर को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही हाथियों को कोई चोट नही आई। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग की तैयारियों और किसानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व प्रधान नूतन कुमार का कहना है कि जंगली हाथियों की समस्या कोई नई नहीं है। किसान बार बार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद हाथियों को खेतों में आने से रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठता दिखाई नहीं दे रहा है। आखिर शिकायतों के बाद भी विभाग की ओर से स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को भी कई बार किसानों की इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। लेकिन आज तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। कुछ समय पहले सरकार की ओर से कटारपुर से लेकर भोगपुर तक गंगा किनारे बाउंड्री वॉल बनाने की बात कही गई थी। इस घोषणा से किसानों को उम्मीद जगी थी कि अब उनकी फसलें सुरक्षित हो सकेंगी लेकिन आरोप है कि यह योजना भी राजनीतिक खींचतान की भेंट चढ़ गई। पूर्व प्रधान नूतन कुमार ने आरोप लगाया कि हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस का विधायक होने के कारण बाउंड्री वॉल का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसानों की सुरक्षा भी राजनीतिक दलों की आपसी खींचतान का शिकार होती रहेगी? सरकार किसी भी दल की हो लेकिन किसानों की समस्या का समाधान करना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जंगली हाथी प्रतिदिन खेतों में पहुंचकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।किसान पूरे साल कड़ी मेहनत करके फसल तैयार करता है। खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर पैसा खर्च करता है। लेकिन हाथियों का झुंड एक ही रात में उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देता है। ऐसे में किसान आखिर अपनी लागत और परिवार का खर्च कैसे पूरा करे? मुआवजे के नाम पर किसानों के साथ कैसा इंसाफ?

पूर्व प्रधान नूतन कुमार ने मुआवजा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को 500 या 1000 रुपये तक के चेक मिलने की बात सामने आती है। वह भी कई बार एक-दो साल बाद मिलते हैं। मुआवजा लेने के लिए किसान को पहले वन विभाग के कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। फिर लेखपाल के पास जाकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। इसके बाद भी मुआवजे की राशि कब मिलेगी मिलेगी भी या नहीं इसे लेकर किसान असमंजस में रहता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इतनी कम धनराशि से किसान की सालभर की मेहनत का नुकसान पूरा हो सकता है? क्या सरकार और वन विभाग के अधिकारियों को किसानों की आर्थिक परेशानियां दिखाई नहीं देतीं? प्रधानमंत्री के किसान हित के संदेश और धरातल की हकीकत में अंतर क्यों? पूर्व प्रधान नूतन कुमार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनके हित में योजनाएं चलाने की बात करते हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार को भी किसानों की सुरक्षा और उनकी फसलों को बचाने के लिए गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना होगा कि केवल घोषणाओं से किसानों की समस्याएं हल नहीं होंगी बल्कि धरातल पर काम करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। सरकार को चाहिए कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर कटारपुर से भोगपुर तक गंगा किनारे प्रस्तावित बाउंड्री वॉल का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए। पूर्व प्रधान नूतन कुमार ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से मांग की कि किसानों की फसल की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस योजना बनाई जाए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए और फसल नुकसान का उचित मुआवजा समय पर दिया जाए। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक कटारपुर और आसपास के गांवों के किसान जंगली हाथियों के आतंक के साये में खेती करेंगे? कब शुरू होगा बाउंड्री वॉल का निर्माण? कब जागेगा वन विभाग? और कब किसानों को उनकी मेहनत की फसल की सुरक्षा की गारंटी मिलेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed